August 15, 2026

किसान भवन में जाट समाज ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के साये में गूंजे देशभक्ति के नारे

किसान भवन फरीदाबाद में जाट समाज के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण

Faridabad/Alive News: जाट समाज फरीदाबाद की ओर से सेक्टर-16 स्थित किसान भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्रधान जीपीएस सागवान द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के महासचिव एचएस मलिक ने कहा कि देश को आजाद कराने में स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्ष और बलिदान के कारण आज देशवासी आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

संस्था के कोषाध्यक्ष टीएस दलाल ने कहा कि आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कृषि, शिक्षा और युवाओं के उत्थान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को मजबूत करके ही स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार किया जा सकता है।

महेंद्र श्योराण ने देश की एकता और भाईचारे को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जाट समाज हमेशा देश और समाज की सेवा के लिए आगे रहेगा। वहीं रणजीत सिंह ने युवाओं से अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस भावना से पूर्वजों ने देश के लिए कुर्बानी दी, उसी भावना से वर्तमान पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में विंग कमांडर मान विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को देश की आजादी के इतिहास और देशभक्ति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

समारोह में छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। संस्था की ओर से प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर सरोज सिंह, सुनीता मलिक, रेखा चौधरी, हवा सिंह ढिल्लो, सूरजमल, रमेश चौधरी, जितेंद्र चौधरी, कमल चौधरी, रामरतन नरवत, अजय नरवत, महेंद्र सिंह पहल, राहुल, सुरेंद्र, वीर सिंह, आरएस राणा, जीएस दहिया, वीएस राना, गजेंद्र सिंह, राम, रत्तन सिंह, सीमा, राजपाल मलिक, अशोक और सुरेंद्र सिंह मोर सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए।