Faridabad/Alive News: अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने सूर्य विहार पार्ट-3, पल्ला क्षेत्र से 334 पव्वा अवैध देसी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 14 अगस्त को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सूर्य विहार पार्ट-3 में एक महिला अपने घर के बाहर बिना लाइसेंस के देसी शराब बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर महिला को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 334 पव्वा देसी शराब, मार्का संतरा बरामद हुई। महिला शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सकी। इसके बाद थाना पल्ला में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और शराब को जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह अलग-अलग ठेकों से देसी शराब खरीदकर अपने घर के बाहर बेचती थी। पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

