April 26, 2024

विश्व पृथ्वी दिवस पर गूगल ने डूडल के माध्यम से दिया संदेश

New Delhi/Alive News: दुनिया भर में 22 अप्रैल को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ मनाया जाता है। इसके पीछे उद्देश्य यही है कि लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक हों और पृथ्वी के महत्व को समझें। गूगल भी आज अपने डूडल के जरिये जलवायू परिवर्तन को दिखाते हुए लोगों को जागरूक कर रहा है। जलवायु परिवर्तन का सीधा-सा अर्थ-तापमान और मौसम के पैटर्न में दीर्घकालिक बदलाव से है। यह बदलाव कई तरह से हो सकता है।

जलवायु परिवर्तन ने हमारे ग्रह को कैसे प्रभावित किया है। यह दिखाने के लिए गूगल ने चार जगहों के एनिमेशन की एक श्रृंखला बनाई है। गूगल अर्थ टाइम-लैप्स इमेजरी का इस्तेमाल करते हुए डूडल हमारे ग्रह के चारों ओर चार अलग-अलग स्थानों में जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को दर्शाता है. गूगल ने अपने एक पोस्ट में लिखा है- ‘जलवायु परिवर्तन के सबसे बुरे प्रभावों से बचने के लिए अधिक स्थायी रूप से जीने के लिए अभी और एक साथ कार्य करना आवश्यक है।

पृथ्वी दिवस मनाने की शुरुआत ऐसे हुई
22 अप्रैल, 1970 को पहली बार ‘विश्‍व पृथ्वी दिवस’ मनाया गया था। अमेरिकी सीनेटर गेलॉर्ड नेल्सन ने इसे मनाने की शुरुआत की थी। पृथ्‍वी जो कि हमारा पोषण करती है, मगर पर्यावरण असंतुलन की वजह से इसकी स्थिति दयनीय होती जा रही है। ऐसे में लोग पृथ्वी के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और इसे बेहतर बनाने में योगदान दें। इसी उद्देश्‍य के साथ हर साल विश्व पृथ्वी दिवस का आयोजन करके लोगों को जागरूक किया जाता है।

क्या होता है इस दिन
विश्व पृथ्वी दिवस के दिन पेड़ लगाकर, सड़क किनारे से कचरा उठाकर, लोगों को टिकाऊ जीवन जीने के तरीके अपनाने के लिए प्रेरित करने जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा बच्चों में जागरूकता फैलाने के लिए इस दिन स्कूलों और विभिन्न समाजिक संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

साल 2022 की थीम
इस साल वर्ल्ड अर्थ डे की थीम है, ‘इन्वेस्ट इन आवर अर्थ। मतलब ‘हमारी पृथ्वी में निवेश करें। इसमें मुख्य बिंदू है साहसिक तरीके से काम करना, व्यापक रूप से इनोवेशन करना और न्यायसंगत तरीके से लागू करना है। इससे पहले साल 2021 में वर्ल्ड अर्थ डे की थीम ‘रिस्टोर आवर अर्थ’ और साल 2020 की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन’ थी।