May 1, 2024

सुकमा में सीआरपीएफ बटालियन कैंप में चली गोली, चार जवानों की हुई मौत, तीन घायल

Raipur/Alive News : सुकमा में सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप में गोली चलने की बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार कैंप के एक जवान ने अपने ही साथियों पर रात एक बजे गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई तो तीन घायल हो गए, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल जवानों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ कैंप के जिस जवान साथियों पर गोली चलाने का आरोप है, वह देर रात नक्सली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जवानों के बीच कुछ विवाद हो गया, जो हिंसा में बदल गया। इसके बाद सीआरपीएफ जवान आपे से बाहर हो गया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी घटना में चार सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई।

जवान रितेश ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंच गए। अधिकारियों और जवानों ने आरोपी जवान को पकड़ा तथा घायल जवानों को तेलंगाना के भद्राचलम जिले के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने चार जवानों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन जवानों का इलाज किया जा रहा है।