Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने घर से पानी की मोटर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण चपराना (21) निवासी डबुआ, फरीदाबाद के रूप में हुई है। उसे आगरा कैनाल पुल, तिगांव से पकड़ा गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, समसुद्दीन, निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद, ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करते हैं और सेक्टर-62 स्थित एक मकान में काम चल रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां से पानी की मोटर चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी प्रवीण नशे का आदी है। उसने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए 1 जून 2026 को मोटर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पानी की मोटर भी बरामद कर ली।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी का एक मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

