Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के थाना तिगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव शाहबाद से पुलिस ने इंसानियत को झकझोर देने वाले एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक मानसिक रूप से कमजोर 30 वर्षीय युवक को बंधुआ मजदूरी के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने पीड़ित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है और इस मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून को तिगांव थाना पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि गांव शाहबाद में एक युवक को बंधक बनाकर उससे जबरन मजदूरी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने वहां से ताजपुर निवासी पीड़ित युवक को सकुशल रेस्क्यू किया। युवक की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
दंपति के खिलाफ मामला दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
इस अमानवीय कृत्य को लेकर पीड़ित युवक के ताऊ के लड़के जसविंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जसविंद्र की शिकायत के आधार पर थाना तिगांव में शाहबाद निवासी एक दंपति (पति-पत्नी) के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तिगांव थाना पुलिस ने 18 जून को मुख्य आरोपी जगनलाल (निवासी शाहबाद) को धर दबोचा। शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगामी पूछताछ और तफ्तीश के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले के दूसरे आरोपी (जगनलाल की पत्नी) की भूमिका की भी जांच कर रही है।

