September 8, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा चोरी के दो मामलों में गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पहले मामले में मोहना रोड स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) का शटर गैस कटर से काटकर ₹31,800 नकद चोरी करने की वारदात सामने आई थी। जांच के दौरान पुलिस चौकी अग्रसेन की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹4,600 बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फरार सह-आरोपी की तलाश जारी है।

दूसरे मामले में नेहरू कॉलोनी के एक घर से चार्जिंग पर रखा मोबाइल फोन चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस चौकी सैनिक कॉलोनी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।