Faridabad/Alive News: हरियाणा राइट टू सर्विस (RTS) कमीशन, चंडीगढ़ के मुख्य आयुक्त टी.सी. गुप्ता (सेवानिवृत्त IAS) ने नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा (IAS) को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देने का निर्णय लिया है।
यह सम्मान 9 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-6 स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा। इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 का विमोचन करेंगे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कमीशन के अनुसार, धीरेंद्र खड़गटा ने RTS कानून के तहत लोगों को समय पर सेवाएं देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने नगर निगम में कामकाज को आसान और तेज बनाने के लिए कई सुधार किए और लोगों की शिकायतों का समाधान बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया।
खास तौर पर पानी के रिसाव और सीवर जाम जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी साफ तय की गई। अलग-अलग वार्डों के लिए अधिकारियों की सही नियुक्ति की गई, जिससे शिकायतों का निपटारा तेज और पारदर्शी हुआ।
इसके अलावा, आईटी सिस्टम में सुधार कर एनडीसी पोर्टल पर लंबित मामलों को भी तेजी से निपटाया गया। कमीशन ने इन प्रयासों को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
धीरेंद्र खड़गटा ने इस सम्मान का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए हरियाणा सरकार और RTS कमीशन का धन्यवाद किया।

