Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने कंपनी से सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्र शेखर (गांव कोकल महू, बदायूं, हाल ए.सी. नगर फरीदाबाद) और अमित कुमार (गांव मोहब्बतपुर, हाथरस, हाल राजीव कॉलोनी फरीदाबाद) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-58 स्थित ARC मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मैनेजर धर्मेंद्र ने शिकायत दी थी कि कंपनी के रॉ मैटेरियल और तैयार माल में लगातार कमी आ रही थी। जांच में स्टॉक में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि चंद्र शेखर कंपनी में ऑपरेटर और अमित सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। दोनों ने मिलकर कंपनी में आने वाले रॉ मैटेरियल से सामान चोरी किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

