October 17, 2026

5 हजार रुपये में खरीदा देसी कट्टा, आरोपी गिरफ्तार; जेल भेजा

फरीदाबाद में अपराध शाखा NIT द्वारा अवैध देसी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अपराध शाखा NIT की टीम ने अवैध देसी कट्टे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव अलीपुर निवासी धीरेंद्र उर्फ भीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी यह हथियार गुरुग्राम से 5,000 रुपये में खरीदकर लाया था।

पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को अपराध शाखा NIT की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव अलीपुर निवासी एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव लैहडोला के पास कार्रवाई करते हुए धीरेंद्र उर्फ भीम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद थाना छायंसा में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी की गांव मंझावली के एक युवक से रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते वह अपनी सुरक्षा के लिए गुरुग्राम से देसी कट्टा खरीदकर लाया था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।