July 7, 2026

फरीदाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का वृहद पौधारोपण अभियान, एक दिन में लगाए गए 1200 पौधे

फरीदाबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पौधारोपण अभियान के दौरान पौधे लगाते हुए लोग।

Faridabad/Alive News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) फरीदाबाद की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों और गांवों में करीब 1200 पौधे लगाए गए।

यह अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन संदीप गर्ग के मार्गदर्शन तथा सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिजोपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर टग्गा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय लढ़ीपुर, राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय बिजोपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर टग्गा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जक्कोपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय लढ़ीपुर सहित कबूलपुर बांगर, कैल गांव, करनेरा और खंडावली में पौधारोपण किया गया।

इस दौरान पीपल, नीम, जामुन, अर्जुन, आंवला और पिलखन जैसे छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और अन्य लोगों ने उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरित जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि यह विशेष पौधारोपण अभियान 5 अगस्त 2026 तक लगातार चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।