September 16, 2026

एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

DC Ayush sinha

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि एलपीजी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 जारी किया गया है। इस नंबर पर नागरिक गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली, जमाखोरी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह (मोबाइल: 9812092615) को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुदगल (मोबाइल: 8168792654) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

प्रशासन के अनुसार, संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शिकायतों की जांच कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे। डीएफएससी ने स्पष्ट किया कि एलपीजी गैस का अनाधिकृत उपयोग, जमाखोरी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री करना कानूनन अपराध है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता नजर आने पर तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके।