Faridabad/Alive News: नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित फ्लैटों का ड्रॉ 30 मार्च, 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने दी।
यह ड्रॉ दोपहर 1 बजे सेक्टर-14 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में संपन्न होगा, जिसमें विभिन्न निजी कॉलोनाइजरों की परियोजनाओं में उपलब्ध ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का पारदर्शी तरीके से आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लगभग 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के फ्लैट निर्धारित किए गए हैं, जिनकी अधिकतम कीमत 1.50 लाख रुपये प्रति फ्लैट रखी गई है। कुल 637 फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत विधवा एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र आवेदकों से 10,000 रुपये जमा कराए गए थे। सत्यापन के बाद पात्र पाए गए 728 आवेदकों में से ड्रॉ के माध्यम से फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा घुमंतु जाति, अनुसूचित जाति और विधवा आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी पात्र आवेदकों से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए आवेदक अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, लघु सचिवालय सेक्टर-12 या हाउसिंग फॉर ऑल विभाग हरियाणा के हेल्पलाइन नंबर 0172-2585852 एवं आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।

