April 27, 2024

पांच साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के दोषी को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

Chandigarh/Alive News : झज्जर में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने घटना के 11 माह के भीतर आरोपी को सोमवार को फांसी की सजा सुनाई है। मिली जानकारी के अनुसार अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हेमराज की अदालत में इस मामले की सुनवाई चल रही थी। दोषी को अन्य धाराओं में आजीवन कारावास व जुर्माने की सजा भी सुनाई गयी है।

जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश निवासी का (बच्ची का पिता) परिवार ढाई साल पहले आरोपी युवक विनोद उर्फ मुन्ना के घर में किराये पर रहता था। बाद में वह दूसरी जगह किराये पर रहने लगा था। 20 दिसंबर 2020 की रात करीब डेढ़ बजे शराब के नशे में धुत विनोद उसके घर पहुंचा। विनोद के सिर में चोट लगी देख बच्ची का पिता उसे छोड़ने उसके घर चला गया। इसी दौरान विनोद ने बच्ची के पिता का साथ मारपीट की और पिता को अपने घर में बंद कर दिया। वापस उसके किराये के घर में आकर आरोपी ने पहले बच्ची की मां से दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला किसी तरह जान बचाकर भागी। इस पर आरोपी पांच साल की बच्ची को उठाकर अपने घर ले गया। इसके बाद बच्ची के पिता को छोड़ दिया, लेकिन बच्ची से दुष्कर्म करने बाद उसकी हत्या कर दी। 

बच्ची के गायब होने की शिकायत परिजनों ने पुलिस को दी। जिस पर कार्रवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर उसके घर का दरवाजा तोड़कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, हत्या के अलावा एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। आरोपी के खिलाफ दो पुलिस कर्मियों की हत्या समेत आठ गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। जिसके बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 25 गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद सोमवार को आरोपी को फांसी की सजा सुनाई।