New Delhi/Alive News: राजधानी दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में भी कामकाज बंद रहेगा।
दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, उपराज्यपाल ने 11 सितंबर को अवकाश की मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद सरकारी कर्मचारियों को शुक्रवार की छुट्टी मिलेगी। शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण कई कर्मचारियों को लगातार तीन दिन का लंबा वीकेंड मिल सकता है।
BRICS सम्मेलन के कारण लिया गया फैसला
सरकार ने यह फैसला BRICS शिखर सम्मेलन के आयोजन और उससे जुड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। सम्मेलन में विभिन्न देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधिमंडल शामिल हो सकते हैं, जिसके चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियों की अतिरिक्त तैनाती के साथ कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात संबंधी प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं। ऐसे में सरकारी कार्यालयों में अवकाश देने का उद्देश्य राजधानी में प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

