Faridabad/Alive News: बेटे की मौत के साढ़े तीन महीने बाद भी एक बुजुर्ग पिता को यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर उसकी जान कैसे गई। बेटे की मौत की वजह जानने के लिए 65 वर्षीय किशन अब तक करीब 12 बार उत्तर प्रदेश के कन्नौज से फरीदाबाद आ चुके हैं। हर बार हजारों रुपये खर्च कर बीके अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिले बिना ही लौटना पड़ता है। सोमवार को भी वह 12वीं बार रिपोर्ट लेने अस्पताल पहुंचे, लेकिन निराशा हाथ लगी। पिता का आरोप है कि उन्हें कभी एक विभाग तो कभी दूसरे विभाग में भेज दिया जाता है।
8 अगस्त को मिली थी बेटे की मौत की सूचना
कन्नौज जिले के हर्जनपुरवा गांव निवासी किशन के चार बेटे हैं। उनका सबसे छोटा बेटा 21 वर्षीय राजेंद्र पिछले करीब आठ महीने से फरीदाबाद में रहकर मजदूरी कर रहा था। गत 8 अगस्त को परिवार को सूचना मिली कि राजेंद्र की पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई है। इसके बाद किशन फरीदाबाद पहुंचे और बीके अस्पताल में बेटे का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
3-4 फीट की ऊंचाई से गिरने पर मौत का संदेह
किशन के मुताबिक, उन्हें बताया गया था कि राजेंद्र महज तीन से चार फीट की ऊंचाई से गिरा था। इतनी कम ऊंचाई से गिरने पर बेटे की मौत कैसे हुई, यह सवाल उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। इसी का जवाब जानने के लिए वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल करना चाहते हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट मिलने से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस और अस्पताल के चक्कर काट रहा परिवार
पिता ने खेड़ी पुल थाना के जांच अधिकारी से भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि रिपोर्ट के लिए कई बार अस्पताल के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही। वहीं, बीके अस्पताल के पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि विसरा जांच के लिए भेजे जाने पर रिपोर्ट आने में समय लगता है, जबकि सामान्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट करीब एक महीने में मिल जाती है। परिजन पुलिस या अस्पताल में आवेदन देकर रिपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं। उन्हें फिलहाल इस विशेष मामले की जानकारी नहीं है।

