June 6, 2026

सेक्टर-76 की मास्टर रोड पर स्पीड ब्रेकर न होने से बढ़ा हादसों का खतरा, निवासी चिंतित

Faridabad/Alive News: सेक्टर-76 स्थित सोसाइटियों के पास बनी मास्टर रोड पर स्पीड ब्रेकर न होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे इलाके में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

निवासियों के अनुसार, इस रोड के आसपास कई रिहायशी सोसाइटियां हैं और अक्सर बच्चे खेलते-खेलते सड़क पर आ जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं। दिनभर इस मार्ग पर भारी यातायात बना रहता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

पार्क फ्लोर-2 सोसाइटी के निवासी सुमित कंबोज ने बताया कि बाइक सवार इस सड़क पर तेज गति से चलते हैं और कई बार स्टंट करते हुए भी नजर आते हैं, जो बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं, एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी के आरडब्ल्यूए प्रधान अभिषेक ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।