June 6, 2026

तिगांव क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, 15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने शुक्रवार को फरीदाबाद स्थित मेयर कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और निगम आयुक्त ने राज्य मंत्री का बुके देकर स्वागत किया।

बैठक के दौरान राज्य मंत्री ने सीवर, सड़कों और गलियों के निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी वार्डों में लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए आपसी समन्वय बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

नागर ने विकास कार्यों की निगरानी के लिए पार्षदों और अधिकारियों की एक संयुक्त कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, जो नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि जल्द ही तिगांव क्षेत्र के वार्डों में नए विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जाएंगे और पहले से चल रहे कार्यों को भी गति दी जाएगी।

बैठक में वार्ड नंबर 26 में मुख्य सीवर लाइन से कॉलोनियों को जोड़ने, लाइन को चालू करने तथा सीवर की सफाई और मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगा। उन्होंने बताया कि पार्षदों से समय-समय पर सुझाव लेकर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है। उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते रहें, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में चल रहे कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ग्रेटर फरीदाबाद जोन के जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया, सुधीर नागर, पार्षद शीशराम अवाना (वार्ड 27), लालाजी मिश्रा (वार्ड 26), सुमंत चंदेल (वार्ड 25), प्रदीप टोंगर (वार्ड 44), अमित भारद्वाज, अजय भड़ाना, कुलदीप गुप्ता, बिजेंदर शर्मा, लोकेश बैंसला, बासुदेव भारद्वाज, भूपेंद्र शर्मा सहित मुख्य अभियंता विवेक गिल, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई उपस्थित रहे।