Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में रियल एस्टेट कंपनी की करोड़ों रुपये की संपत्ति को कथित तौर पर हड़पने के लिए कंपनी के ही शेयरधारकों के बीच फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के एक शेयरधारक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी बोर्ड रेजोल्यूशन तैयार किया और दूसरे शेयरधारक के जाली हस्ताक्षर कर कंपनी की जमीन अपने करीबियों के नाम करा दी। पावटा गांव स्थित फार्महाउस प्रोजेक्ट के दो प्लॉट की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप है। शिकायत में दोनों जमीनों की कुल कीमत 15 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने करीब तीन महीने की जांच के बाद पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया है।
ऊंचा गांव निवासी अशोक कुमार चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में राहुल सूरी, दिनेश सिंह और बद्री प्रसाद के साथ मिलकर काजमस बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी। कंपनी में चारों की 25-25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। अशोक कुमार चौधरी और दिनेश सिंह कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी थे। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2016 के बाद कंपनी का कारोबार बंद हो गया था। इसके बाद न तो कोई व्यावसायिक गतिविधि हुई और न ही कंपनी की कोई बैठक आयोजित की गई।
बिना जानकारी के तैयार किया रेजोल्यूशन
अशोक कुमार का आरोप है कि राहुल सूरी ने 7 जून 2019 को कंपनी का फर्जी रेजोल्यूशन तैयार किया। इसमें उनकी जानकारी और सहमति नहीं ली गई। उन्हें बोर्ड बैठक में भी नहीं बुलाया गया। आरोप है कि रेजोल्यूशन पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने हस्ताक्षरों की एफएसएल जांच कराने की बात भी कही है।
दो प्लॉट की कराई रजिस्ट्री
शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने पावटा गांव में जमीन खरीदकर अरावली फेंटासिया नाम से फार्महाउस प्रोजेक्ट विकसित किया था। प्रोजेक्ट के कई फार्महाउस बिकने के बाद दो प्लॉट कंपनी के नाम पर बचे थे। इनमें फार्म नंबर-29 करीब 1400 वर्ग गज और फार्म नंबर-11 करीब 8500 वर्ग गज का था। आरोप है कि फर्जी रेजोल्यूशन के आधार पर 5 दिसंबर 2024 को फार्म नंबर-29 की रजिस्ट्री राहुल सूरी ने अपने करीबी के नाम करा दी। वहीं, 18 दिसंबर 2025 को फार्म नंबर-11 की रजिस्ट्री डॉ. विकास शर्मा के नाम कराई गई। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

