Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब महंगी दवाओं से कुछ राहत मिलेगी। अस्पताल परिसर में शुरू की गई अमृत फार्मेसी में सामान्य दवाओं के साथ कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं भी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा मरीजों को सर्जिकल उपकरण और चिकित्सा से जुड़ी अन्य सामग्री भी रियायती दरों पर मिल सकेगी। इससे गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं पर होने वाले खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 16 जिलों में स्थापित अमृत फार्मेसी केंद्रों का उद्घाटन किया। इनमें फरीदाबाद के बीके नागरिक अस्पताल में शुरू किया गया केंद्र भी शामिल है। स्थानीय स्तर पर जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अंजली श्रोत्रिया, एसडीएम त्रिलोक चंद और नगराधीश अंकित कुमार ने फार्मेसी का उद्घाटन किया।
इस केंद्र पर जेनेरिक और जीवन रक्षक दवाएं कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही कैंसर और हृदय रोग के मरीजों को भी यहां से जरूरी दवाएं मिल सकेंगी। फार्मेसी में सर्जिकल उपकरण और चिकित्सा संबंधी अन्य सामग्री भी रियायती दरों पर उपलब्ध होगी। इसका मुख्य उद्देश्य मरीजों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराकर उनके इलाज का खर्च कम करना है।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, पीएमओ डॉ. विकास गोयल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

