Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से नागरिक उड्डयन (सिविल एविएशन) विभाग वापस ले लिया है। अब यह विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रख लिया है। बुधवार देर रात इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।
विभागों में हुए इस बदलाव के बाद विपुल गोयल के पास राजस्व, आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) विभाग रह गए हैं। सरकार ने नागरिक उड्डयन विभाग वापस लेने की कोई वजह नहीं बताई है। हालांकि, इस फैसले को हिसार एयरपोर्ट पर हुए खर्च और वहां यात्रियों की कम संख्या को लेकर उठ रहे सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले पर अभी तक विपुल गोयल की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिसार एयरपोर्ट पर 1,457 करोड़ रुपये खर्च, यात्री 10 हजार से भी कम
हिसार एयरपोर्ट को लेकर सबसे बड़ा सवाल वहां हुए खर्च और यात्रियों की संख्या को लेकर उठ रहा है। एयरपोर्ट पर करीब 1,457 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों की संख्या काफी कम है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हिसार एयरपोर्ट से केवल 9,559 यात्रियों ने सफर किया। इस दौरान 474 विमानों की आवाजाही हुई। वहीं, इस अवधि में एक बार भी कार्गो यानी माल ढुलाई नहीं हुई।
अयोध्या रूट से सबसे ज्यादा यात्री
फिलहाल हिसार एयरपोर्ट से हर सप्ताह 7 उड़ानें आती हैं और 7 उड़ानें जाती हैं। यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर और अयोध्या के लिए हवाई संपर्क उपलब्ध है।
आंकड़ों के मुताबिक, कुल यात्रियों में करीब 47 प्रतिशत यात्री अयोध्या रूट के हैं। वहीं, अप्रैल और मई 2026 में यात्रियों की संख्या पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 8.3 प्रतिशत कम रही।
एविएशन बजट का 63 प्रतिशत हिस्सा हिसार एयरपोर्ट के लिए
हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इंटीग्रेटेड एविएशन हब के लिए 315 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह नागरिक उड्डयन विभाग के कुल 495 करोड़ रुपये के पूंजीगत बजट का करीब 63 प्रतिशत है।
इस तरह विभाग के पूंजीगत बजट का बड़ा हिस्सा हिसार एयरपोर्ट परियोजना पर खर्च किया जाना है।
विपुल गोयल ने कम उड़ानों को बताया था वजह
जुलाई में हिसार एयरपोर्ट पर यात्रियों की कम संख्या के आंकड़े सामने आने के बाद तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने इस पर सफाई दी थी।
उन्होंने कहा था कि हिसार से व्यावसायिक उड़ानें अप्रैल 2025 में शुरू हुई थीं। इसलिए अभी इसे शुरुआती दौर माना जाना चाहिए।
गोयल के अनुसार, फिलहाल सीमित संख्या में उड़ानें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा टर्मिनल की क्षमता और इंस्ट्रूमेंट अप्रोच सिस्टम की कमी भी यात्रियों की संख्या कम होने की वजह है।
उन्होंने यह भी बताया था कि एयरलाइंस, विमान रखरखाव कंपनियों और लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों के साथ बातचीत चल रही है।

