November 26, 2026

न्यूट्रिशन दुकान पर छापा, 17 तरह की दवाइयां और स्टेरॉयड जब्त; संचालक के पास नहीं मिला लाइसेंस

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बॉडी बनाने और मांसपेशियां बढ़ाने के नाम पर इस्तेमाल होने वाली दवाइयों की बिक्री का मामला सामने आया है। ड्रग्स कंट्रोल विभाग और राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने जवाहर कॉलोनी स्थित एक न्यूट्रिशन दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां बरामद कीं। इनमें कई तरह के एनाबॉलिक स्टेरॉयड और मसल्स बढ़ाने वाले इंजेक्शन भी शामिल हैं।

जांच के दौरान दुकान संचालक दवाइयों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके अलावा दवाइयों की खरीद के बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने सभी दवाइयों को जब्त कर लिया है।

शिकायत के तीन महीने बाद हुई छापेमारी

जवाहर कॉलोनी स्थित फिटनेस एंथम न्यूट्रिशन दुकान के खिलाफ 25 अगस्त को मानस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दुकान पर प्रतिबंधित स्टेरॉयड और मांसपेशियां बढ़ाने वाली दवाइयां रखी और बेची जा रही हैं।

इसी शिकायत के आधार पर बुधवार शाम ड्रग्स विभाग और राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। कार्रवाई के समय दुकान पर संचालक मुकुल कौशिक मौजूद था।

टैबलेट और इंजेक्शन सहित 17 तरह की दवाइयां मिलीं

दुकान की जांच के दौरान न्यूट्रिशन सप्लीमेंट के साथ कई प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां भी मिलीं। इनमें टैबलेट और इंजेक्शन शामिल हैं। बरामद दवाइयों में ऑक्सीमेथोलोन, टेस्टोस्टेरोन एनन्थेट, टेस्टोस्टेरोन प्रोपियोनेट, ड्रास्टानोलोन, बोल्डेनोन, मेथेनोलोन, नैंड्रोलोन और स्टैनोजोलोल समेत 17 प्रकार की दवाइयां शामिल हैं।

इन दवाइयों का इस्तेमाल मांसपेशियों का आकार बढ़ाने और शारीरिक प्रदर्शन में सुधार के लिए किया जाता है। हालांकि, इनका बिना चिकित्सकीय सलाह और निगरानी के इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

खरीद के बिल और लाइसेंस नहीं दिखा सका संचालक

छापेमारी के दौरान टीम ने संचालक से दवाइयों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। दवाइयां कहां से खरीदी गई थीं और उनकी सप्लाई किसके माध्यम से हुई, इसका रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी दवाइयां जब्त कर ली गईं। टीम ने दुकान संचालक का लिखित बयान भी दर्ज किया। विभाग ने गुरुवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से जब्त दवाइयों की कस्टडी का आदेश प्राप्त कर लिया।

दवाइयों की सप्लाई चेन की होगी जांच

ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अधिकारी संदीप गहलान ने बताया कि बिना वैध ड्रग लाइसेंस के एलोपैथिक दवाइयों का भंडारण और बिक्री करना नियमों का उल्लंघन है। विभाग अब दवाइयों की खरीद के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।

उन्होंने जिम संचालकों और न्यूट्रिशन सप्लीमेंट विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि जरूरी लाइसेंस के बिना ऐसी दवाइयों का भंडारण या बिक्री न करें।