November 26, 2026

20वें जन्मदिन से पहले 19 वर्षीय युवक की मौत, मां से मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भूपानी इलाके में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जांच में मोबाइल फोन को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी मां से महंगा मोबाइल दिलाने की मांग कर रहा था, लेकिन मां ने मना कर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

युवक की मां 28 नवंबर को उसका 20वां जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रही थीं, लेकिन इससे दो दिन पहले ही बेटे की मौत हो गई। वहीं, युवक के चाचा ने उसकी मां और उनके कथित पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान दिल्ली के शालीमार बाग निवासी आदित्य भाटी के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही अपनी मां के पास रहने के लिए फरीदाबाद आया था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

10 साल पहले हुई थी पिता की मौत

मृतक के चाचा राजकुमार ने बताया कि आदित्य के पिता की वर्ष 2016 में मौत हो गई थी। आदित्य ने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। चाचा के अनुसार, पिता की मौत के बाद उसकी मां बबली ने दूसरी शादी कर ली थी और वह अपने पति के साथ भूपानी में रहने लगी थी।

आदित्य दिल्ली में अपने चाचा राजकुमार के पास रहता था। कुछ दिन पहले ही वह अपनी मां के पास फरीदाबाद आया था।

हालांकि, आदित्य के मौसा संजय ने मां की दूसरी शादी की बात को गलत बताया है। उनका कहना है कि बबली ने दूसरी शादी नहीं की है।

मोबाइल टूटने के बाद मांग रहा था महंगा फोन

पुलिस अधिकारी शमशेर के अनुसार, आदित्य की मां ने कुछ समय पहले उसे मोबाइल फोन दिलाया था, लेकिन युवक ने फोन तोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी मां से महंगा मोबाइल दिलाने की मांग कर रहा था।

मां ने महंगा फोन दिलाने से मना कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक, इस बात को लेकर आदित्य अपनी मां से नाराज था।

सामान की सप्लाई करने गई थी मां

आदित्य की मां फरीदाबाद में इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई का काम करती हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। मां जब सामान की सप्लाई करके घर लौटीं तो बेटे को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

चाचा ने लगाया हत्या का आरोप, जमीन का बताया मामला

आदित्य के चाचा राजकुमार ने उसकी मां और उनके कथित पति पर हत्या का आरोप लगाया है। चाचा का दावा है कि करीब तीन करोड़ रुपये की जमीन आदित्य के नाम होने वाली थी। उनका आरोप है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई।

हालांकि, पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में मौत का प्रारंभिक कारण फांसी बताया गया है और शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़ा कोई मामला जांच में सामने नहीं आया है और इस संबंध में कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

थाना भूपानी के पुलिस अधिकारी शमशेर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक के चाचा की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आदित्य पहले भी अपनी मां के पास आता रहता था और कुछ दिन रहने के बाद वापस दिल्ली चला जाता था। मामले में जांच जारी है।