Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में गुरुवार को वार्षिक खेल महोत्सव का उत्साह के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा बैंड की धुनों के साथ स्कूल प्रबंधन के स्वागत से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया।
समारोह में सभी प्रतिभागियों को खेलों के नियमों का पालन करने और खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय की प्रबंधन टीम ने गुब्बारे छोड़कर खेल महोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद स्कूल के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने रिबन काटकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने योग, व्यायाम और फिटनेस से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। नृत्य के माध्यम से भी बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और टीमवर्क का संदेश दिया। सभी सदनों के चयनित विद्यार्थियों का मार्च पास्ट समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव और प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर उपस्थित रहीं।
विद्यालय में खेल महोत्सव के तहत पिछले दिनों चारों सदनों के विद्यार्थियों के बीच बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, तीरंदाजी और विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सेमीफाइनल चरण तक पहुंचे। अब अंतिम मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनके बाद विजेता सदन की घोषणा होगी।
विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास करना नहीं है, बल्कि उनका शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास भी जरूरी है। खेल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और खेल भावना को बढ़ावा देना है।

