November 26, 2026

सर्दियों में गजक और रेवड़ी के दामों में उछाल, 250 रुपये किलो तक पहुंचे भाव

Faridabad/Alive News: सर्दी का मौसम शुरू होते ही बाजारों में गजक, मूंगफली और रेवड़ी की दुकानें सजने लगी हैं। ठंड के मौसम में पसंद किए जाने वाले इन पारंपरिक खाद्य पदार्थों की खरीदारी भी शुरू हो गई है, लेकिन इस बार ग्राहकों को इन्हें खरीदने के लिए पिछले साल के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। बाजार में गजक और रेवड़ी के दामों में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अलग-अलग किस्मों की कीमतें 180 से 250 रुपये तक पहुंच गई हैं।

बाजार में उपलब्ध कीमतों के अनुसार पिछले साल करीब 120 रुपये में मिलने वाली सामान्य गजक इस बार 200 रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह मूंगफली गजक की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 120 रुपये में मिलने वाली मूंगफली गजक अब 180 से 200 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। तिल से तैयार गजक के दाम भी 120 रुपये से बढ़कर 180 से 200 रुपये तक पहुंच गए हैं।

वहीं, रेवड़ी की कीमतों में सबसे अधिक उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले साल करीब 120 रुपये में मिलने वाली रेवड़ी इस बार 250 रुपये तक बिक रही है। इस बार दुकानों पर ग्राहकों के लिए मूंगफली गजक, तिल गजक और रेवड़ी की अलग-अलग किस्में उपलब्ध हैं।

ठंड बढ़ने के साथ बढ़ेगी मांगसर्दियों में गजक, मूंगफली और रेवड़ी की मांग में तेजी आ जाती है। खासकर शाम के समय लोग इनकी खरीदारी करना पसंद करते हैं। तिल और मूंगफली से बने खाद्य पदार्थ सर्दियों के पारंपरिक खानपान का हिस्सा हैं। यही वजह है कि ठंड बढ़ने के साथ बाजारों में इनकी बिक्री भी बढ़ने लगती है।

हालांकि, इस बार कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ सकता है। जहां पहले लोग आसानी से अधिक मात्रा में गजक और रेवड़ी खरीद लेते थे, वहीं अब उन्हें अपने बजट के अनुसार खरीदारी करनी पड़ रही है। दूसरी ओर दुकानदारों को उम्मीद है कि सर्दी बढ़ने के साथ इन उत्पादों की मांग में तेजी आएगी और कारोबार बेहतर रहेगा।