Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बादशाह खान (बीके) अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही और अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। बुधवार रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी पुलिस जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लेकर पहुंची तो शवगृह के गेट पर ताला लगा हुआ था। काफी तलाश करने के बाद भी कर्मचारियों को चाबी नहीं मिली। इस कारण महिला पुलिसकर्मी को शव के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बाहर इंतजार करना पड़ा। आखिरकार हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने पत्थर से ताला तोड़कर गेट खोला और शव को अंदर रखवाया।
फूफा को रेलवे स्टेशन छोड़ने आया था युवक
जीआरपी की महिला एएसआई सुदेश ने बताया कि बुधवार शाम ओल्ड रेलवे स्टेशन पर सुशासन एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय पवन की मौत हो गई। पवन अपने फूफा को ट्रेन में बैठाने के लिए स्टेशन आया था। उन्हें छोड़ने के बाद जब वह वापस जा रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया।
शवगृह पर ताला लगा होने से हुई परेशानी
महिला एएसआई सुदेश के अनुसार, वह बुधवार रात करीब 8 बजे शव लेकर बीके अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची थी। वहां शवगृह के गेट पर ताला लगा हुआ था। पुलिसकर्मी ने अस्पताल कर्मचारियों से चाबी लाने को कहा, लेकिन काफी तलाश के बाद भी चाबी नहीं मिली।
इस दौरान महिला एएसआई को शव के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बाहर खड़ा रहना पड़ा।
पत्थर से तोड़ा गया ताला
रात करीब साढ़े 9 बजे हाउसकीपिंग कर्मचारी संदीप और बलबीर मौके पर पहुंचे। उनके पास भी गेट की चाबी नहीं थी। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने पत्थर की मदद से ताला तोड़ा और शव को शवगृह के अंदर रखवाया। युवक का पोस्टमॉर्टम गुरुवार को कराया जा रहा है।
सीएमओ बोले- शव रखवाना पुलिस की जिम्मेदारी
इस मामले में बीके अस्पताल के सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि शवगृह में शव रखवाने की जिम्मेदारी पुलिस की होती है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाने के बाद ही अस्पताल की जिम्मेदारी शुरू होती है।
हालांकि, शवगृह के गेट पर डेढ़ घंटे तक ताला लगे रहने और चाबी उपलब्ध नहीं होने के सवाल पर सीएमओ ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

