Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बजरंग दल कार्यकर्ता विजय हिंदू पर दो महिला पुलिसकर्मियों को कमरे में बंद करने का आरोप लगा है। दोनों महिला पुलिसकर्मी उसकी पहली पत्नी को सर्दियों के कपड़े दिलवाने के लिए उसके घर पहुंची थीं। आरोप है कि विजय ने दोनों को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया और बाहर से कुंडी लगा दी। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने देने पर महिला पुलिसकर्मियों ने थाने में फोन कर मदद मांगी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों को कमरे से बाहर निकाला।
मामला पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी महिला के साथ लिव-इन में रहने से जुड़ा है। पुलिस ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों की शिकायत पर विजय, उसकी मां सुमिता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2008 में किया था प्रेम विवाह, दो बेटे हुए
पल्ला थाना क्षेत्र की सरस्वती कॉलोनी निवासी गुड़िया के अनुसार, उसकी शादी विजय से जुलाई 2008 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी। बाद में उन्होंने कालकाजी मंदिर में प्रेम विवाह किया। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए।
गुड़िया का आरोप है कि वर्ष 2018 में विजय ने प्रीति नाम की महिला को अपने साथ रखना शुरू कर दिया। प्रीति के भी तीन बच्चे हैं, जो विजय के साथ रहते हैं।
मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
गुड़िया के मुताबिक, विजय उसे लगातार परेशान करता था और उसके साथ मारपीट करता था। वर्ष 2020 में उसे घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने दोनों बेटों के साथ अलग रह रही है।
गुड़िया ने बताया कि उसके और बच्चों के सर्दियों के कपड़े अभी भी विजय के घर पर रखे हुए थे। मंगलवार को वह पल्ला थाने पहुंची और पुलिस से अपने कपड़े दिलवाने की मांग की। इसके बाद दो महिला पुलिसकर्मी उसे साथ लेकर विजय के घर पहुंचीं।
बातचीत के बहाने कमरे में किया बंद
आरोप है कि विजय ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को बातचीत के लिए कमरे में बुलाया और बाहर से कुंडी लगा दी। दोनों ने शोर मचाकर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन कुंडी नहीं खोली गई। काफी देर तक कमरे में बंद रहने के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने थाने में फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद गुड़िया के गर्म कपड़े और अन्य सामान भी घर से निकलवाकर उसे दिलवाया गया।
गुड़िया बोली- न तलाक दे रहे, न अलग होने दे रहे
गुड़िया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह विजय की पहली पत्नी है और अभी तक उनका तलाक नहीं हुआ है। उसने आरोप लगाया कि विजय न तो उसे तलाक दे रहा है और न ही अलग होने दे रहा है। वह उसे और दूसरी महिला को एक साथ रखना चाहता है, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं है।
पुलिस पहुंची तो खुद को कमरे में किया बंद
बुधवार को जब पुलिस विजय को पकड़ने उसके घर पहुंची तो उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। आरोप है कि इस दौरान वह बाहर खड़े पुलिसकर्मियों को गालियां देता रहा। काफी देर तक हंगामा होने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
विजय ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
विजय ने भी एक वीडियो जारी कर पल्ला थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि उसकी मां और दादी को थाने ले जाया गया और घर से सामान भी ले जाया गया।
विजय ने एक महिला जांच अधिकारी और थाना प्रभारी पर बिना जांच उसकी मां के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है। उसने खुद को 16-17 साल से राष्ट्र धर्म से जुड़ा बताते हुए समाज के लोगों से समर्थन की अपील भी की है।
महिला पुलिसकर्मियों की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों की शिकायत के आधार पर विजय, उसकी मां सुमिता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गुड़िया ने अपनी सास पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

