November 21, 2026

‘पुलिस की पाठशाला’ में 150 विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशे और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

सराय ख्वाजा के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में पुलिस की पाठशाला के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करती फरीदाबाद पुलिस की टीम।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने शनिवार को सराय ख्वाजा स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 150 विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने भाग लिया। विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में बताया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया।

छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 और दुर्गा शक्ति ऐप की जानकारी दी गई। वहीं, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव समझाते हुए गलत संगति से दूर रहने और खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करने से बचने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।