Faridabad/Alive News: ऑनलाइन सीमेंट खरीदने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 93 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और साइबर फ्रॉड के एक अन्य मामले में दिल्ली की जेल में बंद थे। पुलिस ने उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पाली निवासी एक व्यक्ति को 300 कट्टे सीमेंट की जरूरत थी। 23 अगस्त को उसके पड़ोसी ने गूगल पर सीमेंट विक्रेता का नंबर खोजकर दिया। पीड़ित ने संपर्क किया तो ठगों ने सीमेंट सप्लाई का भरोसा देकर ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्यूआर कोड भेज दिया। पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 93 हजार रुपये भेज दिए, लेकिन सीमेंट नहीं पहुंचा और आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
जांच में पुलिस ने मोनू, सुगम, मनीष, मिथुन, रितिक, हिमांशु और रोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चार आरोपी दिल्ली में कॉल सेंटर चलाते थे, जबकि तीन लोग कॉलर बनकर ग्राहकों को सीमेंट विक्रेता के नाम पर ठगते थे। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाकर आपस में बांट ली जाती थी। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को वापस दिल्ली जेल भेज दिया गया।

