Faridabad/Alive News: नगर निगम के वार्ड नंबर-42 की आर्य नगर कॉलोनी में बदहाल सड़कें, कच्चे नाले और सीवर जाम की समस्या लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि एक साल पहले पाइपलाइन डालने के लिए काटी गई सीमेंटेड सड़क की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क पर बना गहरा गड्ढा हादसों को न्योता दे रहा है। वहीं, नालों की सफाई और निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के अलावा सामान्य दिनों में भी जलभराव की समस्या बनी रहती है। इसका सबसे ज्यादा असर कॉलोनी के पांच शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले करीब 10 हजार विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
करीब 30 साल पहले बसी इस कॉलोनी की आबादी लगभग 20 हजार है। यहां ज्यादातर नौकरीपेशा और कारोबारी परिवार रहते हैं। कॉलोनी के दक्षिण में मोहना एलिवेटेड मार्ग का निर्माण हो रहा है, जबकि उत्तर में वीटा मिल्क प्लांट रोड, पूर्व में सेक्टर-64 और पश्चिम में डीएवी पब्लिक स्कूल है।
कच्चे नालों में भरा रहता है कचरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिल्क प्लांट से मोहना रोड की तरफ जाने वाले नाले कच्चे और कई जगह टूटे हुए हैं। इनमें पॉलीथिन, बोतल और अन्य कचरा भरा रहता है। नालियों का पानी सीवर लाइन में डाला गया है। कचरा जमा होने से सीवर भी अक्सर जाम हो जाता है। इससे गलियों में पानी भर जाता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
खुले में कचरा जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण
कॉलोनी की गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। आरोप है कि रात के समय सफाई कर्मचारी कचरे में आग लगा देते हैं। वहीं, खुले में पड़ी निर्माण सामग्री से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ा रही है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पांच शिक्षण संस्थान, हजारों विद्यार्थियों की आवाजाही
आर्य नगर में डीएवी पब्लिक स्कूल, आर्य विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रावल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गंगोत्री पब्लिक स्कूल और अग्रवाल कॉलेज सहित पांच शिक्षण संस्थान हैं। इनमें करीब 10 हजार विद्यार्थी पढ़ते हैं। जलभराव और टूटी सड़कों के कारण विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार नगर निगम अधिकारियों और पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
क्या कहना है अधिकारी का
जगह-जगह पर पड़े हुए कूड़े-कचरा को भी उठवा दिया जाएगा। मिल्क प्लांट रोड के सामने के खुले नाले को अब ढका जा रहा है। ताकि कोई इसमें गिर कर घायल न हो। एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आने-जाने के लिए नीचे से बेहतर कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अब लोगों को ज्यादा समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-दीपक यादव, पार्षद नगर निगम वार्ड-42

