November 20, 2026

22 फीसदी झुलसा सात साल का बच्चा, पिता पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का आरोप

Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बीच सात वर्षीय बच्चे को आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे के पिता ने खिड़की से उस पर पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। आग से बच्चा 22 फीसदी झुलस गया। बच्चे की मां की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता राजू चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

संजय कॉलोनी निवासी रेनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपने पति से अलग पांच बच्चों के साथ रह रही हैं। 15 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपने बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान उनके पति राजू चौहान खिड़की के रास्ते कमरे में मौजूद सात वर्षीय बेटे वंश पर पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के बाद वहां से भाग गए।

बच्चे के रोने की आवाज सुनकर खुली नींद

रेनू के अनुसार, बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने बेटे को आग की चपेट में देखा। उन्होंने आरोपी पति को मौके से भागते हुए भी देखा। इसके बाद वह घायल बच्चे को उपचार के लिए बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचीं। मेडिकल जांच में बच्चा 22 फीसदी झुलसा हुआ पाया गया। हालांकि, घटना के समय उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। बाद में मां की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।