Faridabad/Alive News: पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों-करोड़ों रुपये मिलने का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। फरीदाबाद के एक व्यक्ति को उसके पास मौजूद 5 रुपये के पुराने नोट के बदले करीब 1 करोड़ रुपये मिलने का झांसा देकर 1 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले की जांच करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के शेरपुर बास गांव निवासी राहुल और मोमीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी पीड़ित ने फेसबुक पर पुराने नोट खरीदने-बेचने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को एक्सचेंज बायर कंपनी से जुड़ा बताया। उसने पीड़ित के 5 रुपये के पुराने नोट के बदले करीब 1 करोड़ रुपये देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने टैक्स, सिक्योरिटी और कस्टम फीस समेत अलग-अलग शुल्क के नाम पर उससे विभिन्न बैंक खातों में करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय तक रकम नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी।
बैंक खाते लेकर दूसरे ठगों को भी देता था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल ने अपने दो जानकारों के बैंक खाते लेकर मोमीन को उपलब्ध करवाए थे। मोमीन सोशल मीडिया पर पुराने नोट खरीदने के विज्ञापन डालता था। इन विज्ञापनों के जरिए संपर्क करने वाले लोगों को पुराने नोटों के बदले करोड़ों रुपये मिलने का लालच दिया जाता था। इसके बाद अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम वसूली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि मोमीन केवल इस गिरोह के लिए ही बैंक खातों का इंतजाम नहीं करता था, बल्कि दूसरे साइबर ठगों को भी खाते उपलब्ध करवाता था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी की रकम के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

