November 4, 2026

दो दिन से लापता युवक का खेत में मिला शव, धारदार हथियार से गला काटकर हत्या

Faridabad/Alive News: श्याम नगर से दो दिन पहले लापता हुए 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह सरूरपुर गांव के एक खेत में उसका शव लहूलुहान अवस्था में मिला। मृतक की पहचान सचिन के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था और परिवार का इकलौता बेटा था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, सचिन सोमवार सुबह घर से फैक्ट्री में ड्यूटी करने के लिए निकला था, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटा। शुरुआत में परिवार वालों ने सोचा कि वह किसी दोस्त के पास रुक गया होगा। सचिन को शराब पीने की आदत थी और कई बार वह रात को घर नहीं आता था। मंगलवार को भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

बुधवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि सचिन का गला किसी धारदार हथियार से काटा गया था। परिवार ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। पड़ोसियों के मुताबिक, सचिन का स्वभाव अच्छा था और वह किसी से झगड़ा नहीं करता था। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।