November 4, 2026

फरीदाबाद में 22 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, दो दिन से था लापता

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सरूरपुर गांव में बुधवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सरूरपुर गांव के श्याम नगर निवासी सचिन के रूप में हुई है। वह सोमवार से लापता था। सचिन एक कंपनी में काम करता था और अविवाहित था।

पिता बोले- किसी से नहीं थी दुश्मनी

सचिन के पिता जगबीर ने बताया कि बुधवार सुबह एक युवक ने उन्हें खेत में बेटे का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर सचिन के गले पर चोट के निशान मिले। उन्होंने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और उन्हें हत्या के कारणों की जानकारी नहीं है।

बहन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

सचिन की बड़ी बहन ने बताया कि उसका भाई किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। उसे शराब पीने की आदत थी, लेकिन परिवार को नहीं पता कि उसकी हत्या किसने की। उन्होंने कहा कि सचिन परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुजेसर थाना प्रभारी पुरन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीमें भी मामले की जांच में जुटी हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।