November 4, 2026

सरकारी स्कूलों में कमजोर विषयों पर रहेगा फोकस, बोर्ड परीक्षा से पहले होगा विद्यार्थियों का अभ्यास

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर जांचा जाएगा। जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर मिलेंगे, उनमें सुधार के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कराया जाएगा, ताकि परीक्षा से पहले उनकी कमजोरियों को दूर किया जा सके। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में अतिरिक्त जिला उपायुक्त (एडीसी) अंजली श्रोत्रिया ने मंगलवार को जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूल स्तर पर योजना तैयार की जाए। विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए अतिरिक्त कक्षाओं और नियमित अभ्यास की व्यवस्था की जाए।

शिक्षकों की कमी दूर करने के भी निर्देश

एडीसी ने स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कक्षाओं में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।

स्कूलों की सुविधाओं की भी होगी जांच

बैठक में सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच की जाए। जहां भी कमियां मिलें, उन्हें जल्द दूर किया जाए।