Faridabad/Alive News: सरकारी कॉलेजों में सीटें खाली होने के बावजूद विद्यार्थियों को अपनी पसंद के कोर्स में दाखिला नहीं मिल पा रहा है। जिले के आठ सरकारी कॉलेजों में यूजी और पीजी की करीब 850 सीटें खाली हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर सीटें ऐसे कोर्स की हैं, जिनमें विद्यार्थियों की रुचि कम है। वहीं, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीए और बीएससी जैसे पसंदीदा कोर्स में सीटें पहले ही भर चुकी हैं। यही वजह है कि दाखिले का दोबारा मौका मिलने पर भी विद्यार्थी खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने खाली सीटों को भरने के लिए 22 अक्तूबर से 1 नवंबर तक दाखिला पोर्टल दोबारा खोला था। उम्मीद थी कि इससे खाली सीटों पर दाखिले बढ़ेंगे, लेकिन 10 दिनों में जिले के आठ सरकारी कॉलेजों में 50 से भी कम दाखिले हुए। कॉलेजों में जानकारी लेने के लिए विद्यार्थी पहुंचे, लेकिन पसंद का कोर्स नहीं मिलने पर उन्होंने दाखिला नहीं लिया।
कॉलेज पहुंचे विद्यार्थी, लेकिन नहीं मिला पसंद का कोर्स
बल्लभगढ़ स्थित राजकीय महिला कॉलेज में करीब 20 विद्यार्थी दाखिले की जानकारी लेने पहुंचे, लेकिन किसी ने दाखिला नहीं लिया। वहीं, सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय कॉलेज में 100 से अधिक विद्यार्थी पहुंचे, लेकिन इनमें से केवल 10 ने ही दाखिला लिया। नचौली, सेक्टर-23, मोहना और सेक्टर-16 स्थित महिला कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की संख्या तो रही, लेकिन दाखिले कम हुए।
कम मांग वाले कोर्स में बची हैं सीटें
पंडित जवाहर लाल नेहरू और बल्लभगढ़ स्थित राजकीय कॉलेज की नोडल अधिकारी सपना नागपाल और रविंदर के अनुसार, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीए और बीएससी जैसे प्रमुख कोर्स में सीटें पहले ही भर चुकी हैं। कुछ अन्य कोर्स में सीटें खाली हैं, लेकिन उनमें विद्यार्थियों की रुचि कम है। इसी कारण दोबारा पोर्टल खोलने के बावजूद दाखिले को ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं मिली।

