Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने सैनिक कॉलोनी निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक से 15 लाख 71 हजार रुपये ठग लिए। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश, अनिरबान, असलम राणा उर्फ आशु और सन्नी सिंह के रूप में हुई है। ये सभी अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने यूट्यूब पर शेयर मार्केट ट्रेडिंग से जुड़ा एक वीडियो देखा था। इसके बाद आरोपियों ने व्हॉट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया और ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर निवेश करने के लिए कहा। शुरुआत में शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपये लगाए, जिसके बदले उन्हें 12,168 रुपये वापस मिले। इससे उन्हें आरोपियों पर भरोसा हो गया।
इसके बाद आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में उनसे कुल 15 लाख 71 हजार रुपये निवेश करवा लिए। आरोपियों ने ट्रेडिंग अकाउंट में करीब 19 लाख रुपये का मुनाफा भी दिखाया। जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपी टालमटोल करने लगे और पैसे वापस नहीं किए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि प्रकाश, अनिरबान और असलम जीरकपुर की एक सोसायटी में रहते थे। प्रकाश और अनिरबान ने अपने नाम से करंट बैंक खाते खुलवाकर असलम को दिए थे। असलम ने ये खाते टेलीग्राम के जरिए सन्नी सिंह को भेजे थे। पुलिस के अनुसार, ठगी की 3 लाख रुपये की रकम इनमें से एक बैंक खाते में आई थी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

