November 1, 2026

गोदाम से 70.780 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के वजीरपुर गांव के पास पुलिस ने एक गोदाम में छापेमारी कर 70.780 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने मौके से आरोपी राकेश निवासी गांव तिगांव, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि राकेश वजीरपुर गांव में अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम करता है। उसने बिक्री के लिए एक गोदाम में पटाखों से भरे प्लास्टिक के कट्टे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम पर छापेमारी की और आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।

गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस को 70.780 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे मिले। इनमें रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, हवाई आतिशबाजी, अनार, फुलझड़ी और फिरकी सहित कई प्रकार के पटाखे शामिल थे।

पुलिस ने पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व परमिट मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद थाना खेड़ीपुल में आरोपी राकेश के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।