Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गांजा तस्करी के मामले में तीन महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 14 और 15 अक्टूबर की रात ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन रोड से आरोपियों के तीन बैग से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर पहुंचे थे और इसकी सप्लाई पलवल तथा नोएडा में की जानी थी।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, अपराध शाखा की टीम को 14 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रेन से गांजा लेकर फरीदाबाद आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड पर निगरानी शुरू की और तीन महिलाओं सहित छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद निवासी गांव दुजाना, जिला गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश), वीरेंद्र निवासी गांव सिलोटी और बलजीत निवासी गांव हिदायतपुर, जिला पलवल के रूप में हुई है। इनके साथ उत्तर प्रदेश की रहने वाली तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि विनोद इस तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह तीन महिलाओं के साथ ओडिशा से गांजा लेकर आया था। विनोद ने गांजे की खेप लेने के लिए अपने ममेरे भाई वीरेंद्र को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन बुलाया था। वीरेंद्र अपने साथी बलजीत के साथ वहां पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, गांजे की खेप पलवल और नोएडा में सप्लाई की जानी थी। वीरेंद्र और बलजीत को गांजा पलवल ले जाना था, जबकि विनोद और उसके साथ आई तीन महिलाओं को इसे लेकर नोएडा जाना था। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। पूछताछ के दौरान गांजे की खरीद, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

