Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को मिलने के बहाने बुलाकर लूटने के मामले में थाना खेड़ीपुल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सोहिल खान, आशुतोष और अक्षय कौशिक निवासी आदर्श नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जीवन नगर, खेड़ीपुल निवासी युवक की 26 सितंबर 2026 को Grindr डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक से बातचीत हुई थी। मिलने के लिए बुलाने के बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर सुनसान जगह ले गए। वहां उसके हाथ बांधकर मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने युवक से 10,000 रुपये नकद छीन लिए और उसके दोस्त से फोन-पे के जरिए 22,500 रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद वे युवक को सड़क पर धक्का देकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आशुतोष ने Grindr ऐप पर आईडी बनाई थी। इसके बाद उसने सोहिल खान और अक्षय कौशिक के साथ मिलकर लोगों को मिलने के बहाने बुलाकर पैसे ऐंठने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवक के मोबाइल फोन से एक ऑनलाइन बेटिंग साइट पर लॉग-इन कर 22,500 रुपये की रकम उसमें डाल दी।
शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

