Faridabad/Alive News: छांयसा स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। करीब नौ महीने से बंद पड़ी यह सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। पीपीपी मोड के तहत रेडियोलॉजी विभाग में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के बाद मरीजों को यह सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. देवेंद्र अटल ने बताया कि संस्थान में ओपीडी शुरू हुए चार साल से अधिक समय हो चुका है। शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी के चलते मरीजों की संख्या कम थी, लेकिन अब अस्पताल में खून की जांच, डिजिटल एक्स-रे, आईपीडी और इमरजेंसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में रोजाना करीब 300 से 350 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों को एक ही जगह बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीपीपी मोड के तहत अल्ट्रासाउंड सेवा फिर से शुरू की गई है। इससे मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

