Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 1.22 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान होटम त्यागी उर्फ सोनू निवासी गांव संग्रामपुर, जिला धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने में मदद की थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-8, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि साइबर ठगों ने उसे 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया। इसके बाद लोन की प्रक्रिया, विभिन्न चार्ज और अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 1,22,000 रुपये ठग लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने होटम त्यागी उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने हर्ष नाम के खाताधारक का बैंक खाता लेकर ठगों तक पहुंचाया था। पुलिस के अनुसार, इस खाते में ठगी के 97 हजार रुपये आए थे। आरोपी जयपुर में टैक्सी चलाने का काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में खाताधारक हर्ष सहित अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

