Faridabad/Alive News: अक्टूबर को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसके तहत ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एकॉर्ड अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सबिता कुमारी ने महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षणों और समय पर जांच के महत्व के बारे में बताया।
डॉ. सबिता ने कहा कि स्तन में गांठ, आकार में बदलाव, त्वचा पर गड्ढे पड़ना, निप्पल का अंदर की ओर धंसना या असामान्य स्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हर गांठ कैंसर नहीं होती, लेकिन इसकी सही वजह जानने के लिए डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। शुरुआती चरण में स्तन कैंसर का पता चलने पर इलाज में मदद मिलती है। कई महिलाएं शर्म, डर और घरेलू जिम्मेदारियों के कारण जांच कराने में देरी करती हैं। दर्द न होने पर भी लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए। महिलाओं को किसी भी असामान्य बदलाव पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

