Faridabad/Alive News: दुर्गा अष्टमी के चलते जिले के राजकीय स्कूलों में 19 अक्टूबर को पढ़ाई का समय सामान्य दिनों से अलग रहेगा। शिक्षा विभाग ने सोमवार को स्कूलों के संचालन के लिए नई समय-सारिणी निर्धारित की है। इसके तहत एकल पाली में चलने वाले सभी सरकारी स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे और दोपहर 2:30 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों पर भी लागू रहेगी।
शिक्षा विभाग की ओर से 13 अक्टूबर को जारी निर्देशों में जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्धारित समय में किसी तरह का बदलाव नहीं कर सकेंगे। सभी अधीनस्थ स्कूलों को इसकी जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दोहरी पाली के स्कूलों में पहली शिफ्ट का समय बदला
दोहरी पाली में संचालित राजकीय स्कूलों के लिए अलग समय-सारिणी तय की गई है। ऐसे स्कूलों में पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी पाली के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरी शिफ्ट पहले की तरह अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश की जानकारी सभी संबंधित स्कूलों तक पहुंचाई जाए और निर्धारित समय-सारिणी का पालन कराया जाए।

