October 13, 2026

मां चंद्रघंटा की पूजा कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की मुराद

Faridabad/Alive News: नवरात्र के तीसरे दिन महारानी श्री वैष्णो देवी मंदिर में मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त माता के दरबार में पहुंचने लगे। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने श्रद्धालुओं के साथ हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना की। भक्तों ने माता के सामने शीश झुकाकर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की। इस अवसर पर उद्योगपति आरके बत्रा, कमल खत्री, अनिल ग्रोवर, अमित सेठ, राजीव विमल पुरी और धीरज ने भी माता के दरबार में हाजिरी लगाई।

जगदीश भाटिया ने बताया कि मां चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र होता है। उनकी पूजा से भक्तों को साहस, शक्ति और निर्भयता का आशीर्वाद मिलता है। नवरात्र के दौरान मंदिर में सुबह-शाम पूजा और आरती की जाती है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहती है। उन्होंने बताया कि नवरात्र में मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहते हैं, ताकि भक्त किसी भी समय माता के दर्शन कर सकें।