September 28, 2026

फरीदाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और गिरफ्तारी की मांग

फरीदाबाद सेक्टर-12 लघु सचिवालय पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

Faridabad/Alive News: जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने किया, जबकि हिसार के सांसद जयप्रकाश प्रभारी के रूप में मुख्य अतिथि रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टर-12 पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए और हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पैदल मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

सांसद जयप्रकाश ने कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाए थे। अब चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में हुई बढ़ोतरी पर स्पष्टीकरण देने और फरीदाबाद, पलवल तथा जीटी रोड बेल्ट में चुनावी आरोपों की जांच कराने की मांग की।

विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा से मिलीभगत के आरोप लगाते हुए इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक नीरज शर्मा, रोहित नागर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।