September 25, 2026

बेटी दर्द से तड़पती रही, मां ब्याज पर पैसे लेकर ऑपरेशन का इंतजार करती रही

Faridabad/Alive News: बेटी के पैर की हड्डी टूटने के बाद इलाज की उम्मीद में एक मां बीके अस्पताल पहुंची, लेकिन आठ दिन बाद भी उसकी बच्ची का ऑपरेशन नहीं हो सका। मां का आरोप है कि ऑपरेशन के लिए डॉक्टर ने बाहर से सामान मंगाने की बात कहकर उनसे 16 हजार रुपये लिए, जिसे वह ब्याज पर उधार लेकर आई थी। अब तक न तो ऑपरेशन हुआ और न ही उसे पैसे की कोई रसीद दी गई। महिला का कहना है कि ऑपरेशन की तारीख भी लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। दर्द से परेशान बच्ची अस्पताल में भर्ती है और परिवार इलाज शुरू होने का इंतजार कर रहा है।बच्ची की मां अर्चना ने बताया कि वह करीब आठ दिन पहले बेटी को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर आई थी। डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए बाहर से सामान आने की बात कहते हुए 16 हजार रुपये मांगे। उन्होंने यह रकम ब्याज पर उधार लेकर दी थी। पैसे देने के बाद भी अब तक बच्ची का ऑपरेशन नहीं हुआ है। पहले डॉक्टर ने रविवार को ऑपरेशन करने की बात कही थी। इसके बाद अस्पताल पहुंचने पर शनिवार का समय बताया गया। अब दोबारा पूछने पर मंगलवार को ऑपरेशन करने की बात कही जा रही है। महिला का आरोप है कि इस तरह ऑपरेशन की तारीख लगातार आगे बढ़ रही है, जबकि बच्ची पैर में चोट के कारण दर्द से परेशान है।अर्चना ने डॉक्टर रविशंकर गौड़ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह दिन में सिर्फ एक बार सुबह बच्ची को देखने आते हैं। इसके बाद दिनभर कोई डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं आता। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 16 हजार रुपये लेने के बाद उसे इसकी कोई रसीद नहीं दी गई। अब डॉक्टर की फीस के नाम पर उससे पांच हजार रुपये और मांगे गए हैं।

अस्पताल प्रशासन का पक्ष मामले में अस्पताल के कार्यकारी पीएमओ से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।