Faridabad/Alive News: फरीदाबाद कोर्ट परिसर के मेन गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक के बैग से देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में दूसरे युवक को भी गिरफ्तार किया है। मामले में थाना सेंट्रल में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी गांव लाला खेड़ली, जिला गुरुग्राम और वंश राठी निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-1, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, कोर्ट परिसर की पुरानी बिल्डिंग के मुख्य गेट पर पुलिसकर्मी न्यायिक सुरक्षा और चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक काले रंग का बैग लेकर परिसर में दाखिल होने पहुंचा। पुलिस टीम ने नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
हथियार मिलने के बाद थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह अपने भाई को लेने कॉलेज गया था। वहां कॉलेज के बाहर उसकी मुलाकात वंश राठी से हुई, जिसे वह पहले से जानता था।
पुलिस के मुताबिक, वंश ने अभिषेक को बताया कि उसका किसी व्यक्ति से झगड़ा हुआ है और उसे सबक सिखाने के लिए उसने देशी कट्टे का इंतजाम किया है। आरोप है कि वंश ने कट्टा अभिषेक को देते हुए उसे अपने पास रखने और बाद में नंगला एन्क्लेव स्थित उसके घर पर लौटाने के लिए कहा।
इसके बाद अभिषेक ने कट्टा अपने बैग में रख लिया और अपने भाई के साथ फरीदाबाद कोर्ट परिसर पहुंच गया। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान बैग से हथियार मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक से पूछताछ के बाद हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में वंश राठी का नाम सामने आया। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने वंश को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस के अनुसार, न्यायिक परिसरों की सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वारों पर लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नियमित चेकिंग के दौरान युवक के बैग से अवैध हथियार बरामद हुआ और उसे परिसर में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ लिया गया।

