September 19, 2026

नशा तस्करी के दो मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार, 1.2 किलो गांजा और 48 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद

फरीदाबाद पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में बरामद गांजा और प्रतिबंधित इंजेक्शन

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.200 किलोग्राम गांजा और 48 प्रतिबंधित पेंटाजोसिन इंजेक्शन बरामद किए हैं। ये कार्रवाई 18 सितंबर को अपराध शाखा सेक्टर-48 और सेक्टर-65 की टीमों ने की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पिंटू निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश, हाल राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद को आशियाना फ्लैट, सेक्टर-56 के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

पूछताछ में पिंटू ने पुलिस को बताया कि उसने मेवात से 1.5 किलोग्राम गांजा 15 हजार रुपये में खरीदा था। इसमें से कुछ गांजा वह बेच चुका था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दूसरे मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने आसिफ खान निवासी अज्जी कॉलोनी पार्ट-2, फरीदाबाद को 48 प्रतिबंधित पेंटाजोसिन इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आसिफ खान ने बताया कि उसने ये इंजेक्शन गांव सीही, फरीदाबाद निवासी सोनू से लिए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।