Faridabad/Alive News: जनकल्याण संस्था की ओर से डीएवी स्कूल सेक्टर-37 में श्रीरामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चौपाइयों और गीता के श्लोकों का सुंदर गायन एवं उच्चारण प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में अलग-अलग ग्रुप में मिशिका, कनिष्का तोमर, धानवी शर्मा, संस्कृति झा, लक्ष्य झा और सौम्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में सौम्या श्रीदास और श्रीजा मिश्रा को प्रथम घोषित किया गया।
जनकल्याण संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट एससी गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी रविन्द्र कुमार मनचंदा, लक्ष्मण शर्मा और जेपी शर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल 46 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 39 विद्यार्थियों ने श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन और 7 विद्यार्थियों ने गीता श्लोक उच्चारण में प्रस्तुति दी।
रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि संस्था पिछले 34 वर्षों से फरीदाबाद और पलवल के विद्यालयों में इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस वर्ष प्रतियोगिता की शुरुआत स्कॉलर्स प्राइड स्कूल से हुई और इसके बाद डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-28, मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस, अग्रवाल पब्लिक स्कूल, रावल पब्लिक स्कूल बल्लभगढ़ और रावल इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
उन्होंने कहा कि डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने चौपाई गायन में भाव-भंगिमा और मधुर प्रस्तुति से सभी को प्रभावित किया। गीता श्लोक उच्चारण में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जोनल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जोनल स्तर के विजेता जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। विद्यालय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जनकल्याण संस्था की ओर से विद्यालय में ही सम्मानित किया जाएगा।
संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और सनातन ग्रंथों से जोड़ना तथा उन्हें श्रीरामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता के अध्ययन, समझ और गायन के लिए प्रेरित करना है। एससी गुप्ता और उनकी टीम ने विद्यालय के प्रिंसिपल, कोऑर्डिनेटर, अध्यापकों और संगीतज्ञों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

